Jalore Municipal Council Elections:नामांकन वापस लेने के बाद महिला उम्मीदवार का बड़ा आरोप, बोलीं- दबाव बनाकर वापस कराया पर्चा
जालोर:राजस्थान के जालोर नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 35 से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। निर्दलीय उम्मीदवार नीलम कुमारी ने नामांकन वापस लेने के बाद चुनाव कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि उनसे दबाव बनाकर नामांकन वापस कराया गया।

नामांकन वापसी की अंतिम तारीख पर नीलम कुमारी ने अपना पर्चा वापस ले लिया था। इसके कुछ देर बाद वह चुनाव कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि वह चुनाव मैदान में बनी रहना चाहती थीं, लेकिन दबाव के कारण उन्हें अपना नामांकन वापस लेना पड़ा।
चुनावी माहौल में बढ़ी हलचल
महिला उम्मीदवार के इस आरोप के बाद जालोर की स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन पर किसकी ओर से दबाव बनाया गया। वहीं, उनके आरोपों की अब तक स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है।
परिवार का रहा है राजनीतिक जुड़ाव
नीलम कुमारी के ससुर सवाला सांखला वार्ड संख्या 35 से निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं। ऐसे में इस वार्ड की राजनीति से उनके परिवार का पुराना जुड़ाव माना जाता है।फिलहाल महिला उम्मीदवार के आरोपों के बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में चुनाव अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

