उदयपुर। शहर के पंचवटी इलाके में स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में हाथीपोल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय नकबजन गैंग के मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 60 लाख रुपये कीमत के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी बेहद सावधानी से एक जगह से दूसरी जगह जाते रहे। गैंग के सदस्य मोबाइल फोन और डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल नहीं करते थे। वे ट्रेन और बस बदल-बदलकर सफर करते तथा किराए का भुगतान नकद में करते थे। पुलिस ने उदयपुर से लेकर कोटा, धौलपुर और आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

शटर तोड़कर शोरूम में घुसे थे चोर
पुलिस जांच के अनुसार, 29 जुलाई की रात अज्ञात चोर पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स में दाखिल हुए थे। आरोपियों ने शोरूम का साइड शटर उखाड़ दिया और कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोर शोरूम से करीब 22 लाख रुपये के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं चांदी के बर्तन और करीब 9.75 लाख रुपये नकद ले गए थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई थी।घटना के अगले दिन, 30 जुलाई को शोरूम मालिक नवीन स्वरूपरिया की रिपोर्ट पर हाथीपोल थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने सबसे पहले शहर में लगे अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को वारदात से पहले शोरूम के आसपास घूमते हुए पांच संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। इनकी गतिविधियों और आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई गई। फुटेज के आधार पर संदिग्धों के उदयपुर रेलवे स्टेशन से चित्तौड़गढ़, कोटा और आगे धौलपुर की तरफ जाने का सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस टीम ने कोटा, बारां, ग्वालियर, धौलपुर और आगरा तक अलग-अलग स्थानों के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को गैंग के चंबल क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी मिली।

चंबल के बीहड़ों में छिपा रखा था चोरी का माल
पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के सदस्य उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट और शमशाबाद थाना क्षेत्रों के चंबल के बीहड़ों में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।
बारिश का मौसम होने के कारण बीहड़ों में रास्ते बेहद कठिन थे। कई जगह दलदल और लंबी घास के कारण पुलिस टीम को तलाशी अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने घेराबंदी कर मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर खेतों में गड्ढे खोदकर छिपाया गया चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
मुख्य सरगना समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा (26) निवासी पुरा नत्था झोरिया, थाना पिनाहट, जिला आगरा को मुख्य सरगना बताया है।इसके अलावा धनपाल उर्फ धान्धु वर्मा (24) निवासी पुरा नत्था झोरिया और गुड्डू राठौड़ (27) निवासी नगला मुक्ता, थाना शमशाबाद, जिला आगरा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, धनपाल के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं, जबकि आनंद वर्मा के खिलाफ चोरी और नकबजनी से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि गैंग के सदस्यों ने चोरी की वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया था। पुलिस के मुताबिक, गैंग के दो सदस्य मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा करीब दो महीने पहले मजदूरी करने के बहाने उदयपुर आए थे।इसी दौरान उन्होंने नवीन ज्वैलर्स शोरूम और आसपास के इलाके की रेकी की। आरोपियों ने शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के रास्तों और वारदात के लिए उपयुक्त स्थान की जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, बाद में गैंग के अन्य सदस्य भी योजनाबद्ध तरीके से उदयपुर पहुंचे। आरोपियों ने पैदल गुमानिया नाले के रास्ते शोरूम तक पहुंचने और चोरी करने की योजना बनाई थी।इसके साथ ही पुलिस चोरी हुए बाकी सामान की बरामदगी के लिए भी जांच और तलाश अभियान चला रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद इस पूरी वारदात से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के माल के संबंध में और जानकारी सामने आ सकती है।
REPORTING ; MOTI JANGID

