भारत-पाक बॉर्डर के पास ग्रेनेड हमला, 3 घायल
नई दिल्ली: पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास गुरुवार देर रात एक घर को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना अमृतसर जिले के रमदास इलाके के जट्टा गांव में हुई। धमाके में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई। परिवार के अनुसार, दो अज्ञात लोग बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे थे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

घर की ओर फेंका ग्रेनेड, शीशे टूटे- बताया जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों ने घर की ओर ग्रेनेड फेंका। धमाके के कारण घर को नुकसान पहुंचा और गाड़ी के शीशे भी टूट गए। अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमला करने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस – पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला किसी निजी विवाद से जुड़ा था या इसके पीछे कोई संगठित आपराधिक साजिश हो सकती है। बिक्रम मजीठिया ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।
मजीठिया ने कहा कि पंजाब में लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पुलिस थानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब लोगों के घरों तक ग्रेनेड हमले पहुंच गए हैं।फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

