पोकरण में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 900 किलो पाम ऑयल और 453 किलो घी जब्त पोकरण में नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर छापा, 900 किलो पाम ऑयल और 453 किलो घी जब्त
पोकरण, जैसलमेर: राजस्थान में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने पोकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली एक अवैध इकाई का भंडाफोड़ किया है।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पाम ऑयल, तैयार घी और पैकिंग सामग्री जब्त की गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की आयुक्त के निर्देश तथा अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) के मार्गदर्शन में जैसलमेर की खाद्य सुरक्षा टीम ने पोकरण पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार पालीवाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशना राम कड़वासरा ने भवानीपुरा स्थित एफसीआई गोदाम के पास एक किराए के मकान में संचालित संदिग्ध घी निर्माण इकाई पर छापा मारा।
जांच के दौरान सामने आया कि हुक्मीचंद उर्फ लाला तावरी नामक व्यक्ति विभिन्न ब्रांडों के नाम से घी तैयार कर उसकी पैकिंग और बिक्री कर रहा था।
मौके से 900 किलोग्राम पाम ऑयल, 453 किलोग्राम तैयार घी, विभिन्न कंपनियों के लेबल, खाली टिन, पैकिंग सामग्री, ढक्कन, गैस सिलेंडर, भट्टी और पैकिंग मशीन बरामद की गई, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि ‘शक्ति’ और ‘डेयरी बेस्ट’ सहित अन्य ब्रांडों के नाम पर नकली घी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
विभाग ने उन कंपनियों को भी सूचना दे दी है, जिनके नाम और पैकेजिंग सामग्री का कथित रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि वे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर सकें।
अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशना राम कड़वासरा ने बताया कि राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत जिले में मिलावटी और नकली खाद्य उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




