एथेंस/नई दिल्ली । ग्रीस की राजधानी एथेंस के पास स्थित तानाग्रा एयर फोर्स बेस में आयोजित एथेंस फ्लाइंग वीक एयर शो के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एयर शो में करतब दिखा रहा ग्रीस वायुसेना का दो-सीटर फैंटम F-4 लड़ाकू विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हजारों दर्शकों की मौजूदगी में विमान हवाई करतब कर रहा था, तभी वह नियंत्रण खो बैठा और जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई। दुर्घटना के बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई दर्शक घायल नहीं हुआ।
ग्रीस वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद चलाए गए बचाव अभियान में दोनों पायलटों के शव बरामद किए गए। शुरुआती चरण में तेज आग और धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
85 दमकलकर्मी और 11 विमान-हेलीकॉप्टर लगाए गए
आग बुझाने के लिए 85 दमकलकर्मियों के साथ पानी गिराने वाले 11 विमान और हेलीकॉप्टरों को मौके पर तैनात किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुर्घटनास्थल से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। कुछ ही देर बाद विमान के मलबे में एक और जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे उसके टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए।फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र
करतब दिखाते समय लड़ाकू विमान क्रैश, दो पायलटों की मौत

