Dholpur: अशोक विहार फायरिंग मामले का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर का कट्टा बरामद
धौलपुर। शहर की अशोक विहार कॉलोनी में 15 अगस्त को हुई फायरिंग के मामले में निहालगंज थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपक सिंह गुर्जर (27) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का अवैध कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने अशोक विहार कॉलोनी में फायरिंग कर जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

