6 जिलों को मिलेगा फायदा, सफर होगा और तेज
राजस्थान में सड़क संपर्क को नई गति देने के लिए 277 किलोमीटर लंबे भरतपुर-ब्यावर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह एक्सेस कंट्रोल्ड 4-लेन एक्सप्रेस-वे जयपुर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और भरतपुर जिलों को जोड़ेगा। परियोजना के पूरा होने के बाद पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के बीच यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज और आसान हो जाएगी।

210 गांवों की 2,600 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 210 गांवों के 10,890 खसरों की करीब 2,600 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे की शुरुआत जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र के ग्राम झाग से होगी और यह भरतपुर जिले के ऊंचा नगला (NH-21) तक पहुंचेगा।
7 घंटे का सफर घटकर 3 घंटे
एक्सप्रेस-वे बनने के बाद फागी से राजस्थान-उत्तर प्रदेश सीमा तक का यात्रा समय लगभग 7 घंटे से घटकर 2.5 से 3 घंटे रह जाएगा। इस मार्ग पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा प्रस्तावित की गई है।
8,656 करोड़ रुपये की परियोजना
परियोजना की अनुमानित लागत 8,656 करोड़ रुपये है। इसमें 5,231 करोड़ रुपये निर्माण कार्य और 2,640 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। प्रति किलोमीटर निर्माण लागत लगभग 31.55 करोड़ रुपये होगी।
राजस्थान को होंगे बड़े फायदे
इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से यात्रा समय और ईंधन की बचत होगी। किसानों को कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी मिलेगी। साथ ही उद्योग, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने से रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के बीच आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
एक्सप्रेस-वे पर 30 पुल, 4 रेलवे ओवरब्रिज (ROB), 7 फ्लाईओवर, 10 इंटरचेंज और 179 अंडरपास बनाए जाएंगे। यह कॉरिडोर अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे, NH-448 और NH-21 को जोड़ते हुए प्रदेश के परिवहन नेटवर्क को और मजबूत करेगा।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

