जयपुर। राजधानी जयपुर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में आरोपियों ने फिरौती वसूलने के लिए CA को निशाना बनाया था। जयपुर दक्षिण पुलिस की विशेष टीम, साइबर सेल और अशोक नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

सेंट्रल पार्क के बाहर बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, CA राजीव गुप्ता 10 सितंबर को जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे। वापस लौटने के दौरान आरोपियों ने उन्हें उनकी मर्सिडीज कार समेत अगवा कर लिया था। आरोपियों ने नकली पिस्तौल और चाकू का इस्तेमाल कर उन्हें डराने की कोशिश की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले सेंट्रल पार्क और आसपास के इलाके की रेकी की थी। उनकी योजना किसी आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति को निशाना बनाकर उससे फिरौती की रकम वसूलने की थी।
कर्ज चुकाने के लिए मांगी जानी थी फिरौती
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपियों पर कर्ज था और उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उन्होंने अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना बनाई। रिपोर्टों के अनुसार आरोपियों ने करीब 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चेतन शर्मा उर्फ लाला पर 12 लाख रुपये से अधिक का कर्ज बताया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी पर भी कर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि पूरी साजिश में किसकी क्या भूमिका थी।

चलती कार में CA ने किया विरोध
पुलिस के अनुसार, आरोपी CA को उनकी ही मर्सिडीज में लेकर जयपुर से बाहर की ओर निकल गए थे। इसी दौरान CA ने विरोध किया और चलती कार से निकलने का प्रयास किया। संघर्ष के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक जगह जा टकराई।आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने की आशंका को देखते हुए आरोपी CA को वहीं छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा साइबर और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही का पीछा करते हुए करीब 500 किलोमीटर तक जांच का दायरा बढ़ाया, जिसके बाद तीन संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने मामले में चेतन शर्मा उर्फ लाला, जैनुल खान और हनुमान प्रजापत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी, नकली पिस्तौल और चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चेतन शर्मा के खिलाफ पहले भी अपहरण से संबंधित मामला दर्ज रहा है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार चौथे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आएगी पूरी साजिश
इस मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने CA को ही निशाना क्यों बनाया, फिरौती की रकम का बंटवारा किस तरह होना था और इस साजिश में फरार आरोपी की क्या भूमिका थी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।
करीब एक हजार CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस द्वारा मामले का खुलासा किए जाने के बाद अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
REPORTING ; MOTI JANGID

