Honor killing in Agra : 17 साल की बेटी की हत्या के बाद पिता ने थाने में किया सरेंडर
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एकता थाना क्षेत्र के पचगाईं खेड़ा गांव में एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम-प्रसंग से नाराज पिता ने सोते समय उस पर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, किशोरी का पड़ोस के एक युवक से करीब चार साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। कुछ दिन पहले किशोरी घर से चली गई थी, जिसके बाद पिता ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन किशोरी वापस घर लौट आई और पुलिस के सामने अपने बयान भी दर्ज कराए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम किशोरी अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पिता ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी सीधे एकता थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

