Major bust of the counterfeit medicine trade in Rajasthan:भिवाड़ी से ₹4 करोड़ की दवाइयां और कच्चा माल जब्त
राजस्थान सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए भिवाड़ी स्थित एक अवैध दवा गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस संचालित गोदाम से करीब ₹4 करोड़ मूल्य की दवाइयां, कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए गए

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ‘स्ट्रेन हेल्थ केयर’ नाम से संचालित इस गोदाम में दवाओं का भंडारण और वितरण बिना वैध लाइसेंस के किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान 1,500 से अधिक कार्टन बरामद किए गए, जिनमें पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की विभिन्न कंपनियों की दवाएं व पैकेजिंग सामग्री शामिल थी।
जांच के दौरान अधिकारियों को टेपेंटाडॉल, प्रेगबालिन और कोट्रीमोक्साजोल जैसी दवाओं से संबंधित कच्चा माल भी मिला। इसके अलावा बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं भी बरामद हुईं, जिनके गलत इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने 9 दवा सैंपल जांच के लिए एकत्र किए हैं। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के औषधि प्रशासन को भी आवश्यक सूचना भेज दी गई है, ताकि संबंधित कंपनियों और सप्लाई चेन की विस्तृत जांच की जा सके।
इस पूरे मामले पर प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। बिना लाइसेंस दवा कारोबार, नकली या एक्सपायर्ड दवाओं के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

