Mathania nikay chunav : नामांकन प्रक्रिया पर विवाद, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा का RO कार्यालय के बाहर धरना जारी
जोधपुर | मथानिया नगर निकाय चुनाव के नामांकन के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनावी प्रक्रिया में भेदभाव के आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा रिटर्निंग ऑफिसर (RO) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठी हैं। बताया जा रहा है कि रातभर धरना जारी रहा और प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता भी हुई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका।

जानकारी के अनुसार, विवाद नामांकन प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से निर्धारित समय सीमा के बाद कुछ लोगों को RO कार्यालय में प्रवेश दिए जाने को लेकर शुरू हुआ। आरोप है कि स्थानीय विधायक और भाजपा के एक प्रत्याशी को समय सीमा समाप्त होने के बाद कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि अंदर मौजूद कांग्रेस प्रत्याशी को बाहर जाने के लिए कहा गया।

इसी घटनाक्रम को लेकर दिव्या मदेरणा ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि दोपहर 3 बजे के बाद प्रवेश पर रोक थी, तो फिर विधायक और उनके समर्थकों को कार्यालय में प्रवेश कैसे मिला। उन्होंने यह भी पूछा कि गेट बंद होने के बावजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कार्यालय तक कैसे पहुंचाया तथा कांग्रेस प्रत्याशी को बाहर निकालने का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया।
पूर्व विधायक का आरोप है कि यदि सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए अलग-अलग नियम लागू किए जा रहे हैं, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल RO कार्यालय के बाहर धरना जारी है। प्रशासन की ओर से मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। राजनीतिक हलकों में भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

