जेल में तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन बरामद, पुलिस जांच में जुटी
हनुमानगढ़ जिले की जिला जेल में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। तलाशी के दौरान वार्ड नंबर 4 की बैरक नंबर 6 स्थित शौचालय की टूटी हुई टाइल के नीचे छिपाकर रखे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जेल प्रशासन के अनुसार बरामद मोबाइल फोन गुलाबी और ग्रे रंग के हैं। इनके साथ दो बैटरियां और दो डाटा केबल भी मिली हैं। हालांकि दोनों मोबाइल फोन में न तो कोई सिम कार्ड मिला और न ही उनका IMEI नंबर उपलब्ध था, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है।

घटना के बाद जेल प्रशासन ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे, उनका उपयोग किसके द्वारा किया जा रहा था तथा इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

