ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज, हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कोलकाता पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। यह मामला TMC के छात्र संगठन तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है। पुलिस का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट की ओर से तय की गई कुछ शर्तों का पालन नहीं हुआ।

किस मामले में दर्ज हुई FIR?
मामला 28 अगस्त को कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर आयोजित TMCP के कार्यक्रम का है। इस आयोजन को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट ने कुछ स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए थे। इनमें कार्यक्रम को सड़क की एक लेन तक सीमित रखने और दूसरी लेन को आम लोगों तथा वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रखने जैसी शर्तें शामिल थीं।पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान भीड़ निर्धारित दायरे से बाहर चली गई और सड़क की दोनों लेन प्रभावित हुईं। इससे यातायात व्यवस्था पर असर पड़ने का आरोप है। पुलिस ने इसी घटनाक्रम के आधार पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने क्या आरोप लगाए?
पुलिस की शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान बैरिकेड हटाए जाने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनने का भी आरोप है। इसके अलावा कार्यक्रम निर्धारित समय के बाद तक जारी रहने की बात भी पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है।इसी आधार पर ममता बनर्जी और कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हालांकि, FIR में लगाए गए आरोप अभी जांच का हिस्सा हैं और इन्हें अदालत द्वारा साबित किया जाना बाकी है।

किन धाराओं में केस दर्ज?
रिपोर्टों के अनुसार, मामला कोलकाता के हेस्टिंग्स थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। FIR में ममता बनर्जी के साथ कार्यक्रम के आयोजकों को भी आरोपी बनाया गया है।FIR दर्ज होने के बाद यह मामला केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है। बीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया है, जबकि TMC की ओर से इसे राजनीतिक प्रतिशोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
मामले की आगे की जांच में यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम के दौरान वास्तव में हाईकोर्ट की शर्तों का किस स्तर तक उल्लंघन हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल FIR दर्ज होने के बाद ममता बनर्जी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
REPORTING ; MOTI JANGID

