भंवरी हत्याकांड – सीसीटीवी में दो नकाबपोश नजर आए, पुलिस बोली- आरोपी तक पहुंचे, आज करेंगे खुलासा
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अस्पताल में रात तक डटे रहे हजारों लोग, सीआई को हटाने की मांग
फलोदी लोहावट जम्भेश्वर नगर में भंवरी देवी की निर्मम हत्या और दो बच्चियों पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दावा किया है कि वह मुख्य आरोपी तक पहुंच चुकी है और शुक्रवार को पूरे मामले का खुलासा करेगी। इधर, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और समाज के हजारों लोग गुरुवार देर रात तक जिला अस्पताल में धरने पर डटे रहे। बाद में अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग थाने भी पहुंचे।
फलोदी डीवाईएसपी अचलसिंह देवड़ा और साइबर टीम के भवानी सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को मुख्य आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं। आरोपी राजस्थान से बाहर होने की आशंका के बीच विभिन्न टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। थाने के बाहर लोगों को संबोधित करते हुए सीआई हरिसिंह राजपुरोहित ने कहा कि पुलिस 99 प्रतिशत आरोपियों तक पहुंच चुकी है और शुक्रवार को मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। धरना स्थल पर पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने लोहावट थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई धीमी रही और समय पर प्रभावी नाकाबंदी नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
जांच के दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी कैमरों में एक ही बाइक पर सवार दो नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पल्ली टोल सहित तीन स्थानों के फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब में भी दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और पूरे मामले का खुलासा शुक्रवार को किया जाएगा।


