बालोतरा: रामदेवरा यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम के लिए एक घर में ठहरी महिला द्वारा कथित तौर पर सोने का तिमणिया चोरी किए जाने के मामले का गिड़ा थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला संतोष चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का तिमणिया भी बरामद कर लिया गया है।

यह कार्रवाई बालोतरा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कवट, आईपीएस के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के शीघ्र खुलासे और चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा हरफूलसिंह आरपीएस तथा पचपदरा वृत्ताधिकारी योगेश चौधरी आरपीएस के सुपरविजन में गिड़ा थाना अधिकारी अचलाराम निपु के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रात्रि विश्राम के लिए घर में रुकी थी महिला
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 18 अगस्त 2026 की शाम का है। खरतोणियों का तला, कानोड़ निवासी किशनलाल पुत्र भैराराम जाट ने 24 अगस्त को गिड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, संतोष देवी नाम की महिला रामदेवरा यात्रा पर जा रही थी और उसने रात में ठहरने के लिए आश्रय मांगा था।
बताया गया कि महिला से पहले से जान-पहचान होने के कारण परिवार ने उसे अपने घर में रात्रि विश्राम के लिए जगह दे दी। आरोप है कि रात के समय महिला ने घर में रखी पेटी से सोने का तिमणिया चोरी करने की योजना बनाई।
शिकायत के अनुसार, महिला ने घर की महिला की कमर में बंधी पेटी की चाबी का धागा काट दिया। इसके बाद कमरे में रखी पेटी का ताला खोलकर उसमें रखा सोने का तिमणिया निकाल लिया और रात में वहां से चली गई।
मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद गिड़ा थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 98/2026, दिनांक 24 अगस्त 2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सूचना तंत्र और तकनीकी सहायता से शुरू की तलाश
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चोरी की गई सोने की वस्तु की बरामदगी और आरोपी महिला की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला वारदात के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रही थी। ऐसे में पुलिस टीम ने आसूचना संकलन, तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाने के प्रयास तेज किए।
लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी संतोष चौधरी को 14 सितंबर 2026 को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे मामले में विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

निशानदेही पर सोने का तिमणिया बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करते हुए चोरी की गई संपत्ति के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का तिमणिया बरामद कर लिया गया।अनुसंधान की कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी महिला
पुलिस ने मामले में संतोष चौधरी पत्नी खेताराम, उम्र 40 वर्ष, जाति जाट, निवासी इन्द्राणियों का तला, कानोड़, थाना गिड़ा, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी संतोष चौधरी का पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है। उपलब्ध रिकॉर्ड में प्रकरण संख्या 176/2021 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 143, 341, 323 और 342 के तहत थाना बायतु, जिला बाड़मेर में मामला दर्ज होने का उल्लेख है।
बालोतरा पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले में न केवल आरोपी की गिरफ्तारी हुई, बल्कि कथित तौर पर चोरी की गई सोने की वस्तु भी बरामद कर ली गई। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की गई है।
REPORTING ; MOTI JANGID

