राजस्थान के बीएलओ से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया संवाद
राजस्थान के बीएलओ से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया संवाद लोकतंत्र में बताया अहम योगदान..!!
जयपुर, 20 जून। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजर्स से बातचीत की।
इस दौरान करीब 700 बीएलओ और सुपरवाइजर्स मौजूद रहे। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने कहा कि बीएलओ की मेहनत और समर्पण के कारण राजस्थान ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य तय समय से 7 दिन पहले पूरा कर लिया।
“बीएलओ मेरे परिवार का हिस्सा हैं” – मुख्य निर्वाचन आयुक्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार “खम्मा घणी” कहकर अपने संबोधन की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ उनके परिवार का हिस्सा हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हुए एसआईआर कार्य में राजस्थान को प्रथम स्थान दिलाने में बीएलओ की अहम भूमिका रही है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत में चुनाव संविधान और कानून के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाते हैं।
चुनाव व्यवस्था में बीएलओ सबसे मजबूत कड़ी – श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सफलता का सबसे बड़ा आधार जमीनी स्तर पर काम करने वाले बीएलओ हैं।
बीएलओ मतदाता सूची को अपडेट करने, नए मतदाताओं का पंजीकरण करने और मतदाताओं तक चुनाव संबंधी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भारत दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी व्यवस्था बन जाता है, जिसमें करोड़ों अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
इस पूरी व्यवस्था में बीएलओ निर्वाचन आयोग और आम मतदाता के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करते हैं।
राजस्थान में SIR अभियान में बीएलओ की बड़ी भूमिका – कार्यक्रम में बताया गया कि राजस्थान ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में बेहतर प्रदर्शन किया।
राज्य ने एसआईआर शुरू होने से पहले ही 70 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर ली थी, जबकि अभियान के दौरान यह आंकड़ा 98 प्रतिशत तक पहुंच गया।
राजस्थान में SIR प्रक्रिया की शुरुआत 27 अक्टूबर 2025 को हुई थी। गणना चरण 4 नवंबर 2025 से शुरू हुआ और मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 को किया गया।
अंता विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर 199 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को हुआ।
52 हजार से ज्यादा बीएलओ ने पूरा किया अभियान – राजस्थान में एसआईआर प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची में अंता विधानसभा को शामिल करने के बाद कुल मतदाताओं की संख्या 5.17 करोड़ रही।
वहीं 52,490 बूथ लेवल अधिकारियों के प्रयासों से 5.48 करोड़ मतदाताओं के लिए एसआईआर कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
बीएलओ को अतिरिक्त मानदेय के लिए राज्य सरकार का आभार – मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने एसआईआर अभियान की सफलता में बीएलओ के योगदान की सराहना की और अतिरिक्त मानदेय दिए जाने को लेकर राज्य सरकार का आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर्स ने अपने अनुभव साझा किए और चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए।
अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदेश नायक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संवाद कार्यक्रम बीएलओ को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए नई दिशा देगा।




