राजस्थान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती का संशोधित रिजल्ट जारी, 48 हजार अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। बोर्ड द्वारा जारी संशोधित परिणाम में करीब 48 हजार अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों के चलते लगभग 5,750 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। इन अभ्यर्थियों के संबंध में अंतिम निर्णय कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा। राज्य सरकार की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 53,749 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों के लिए विभाग एवं जिला आवंटन की सूची 30 जून को जारी की जाएगी। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।गौरतलब है कि राजस्थान की इस बहुप्रतीक्षित भर्ती के लिए 24 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि 21 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी के कारण यह प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है।
अब सभी की निगाहें विभाग और जिला आवंटन सूची पर टिकी हैं, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होगा।


