डिस्कॉम का बड़ा एक्शन: बकायादारों के 20 कनेक्शन काटे, 4 ट्रांसफार्मर हटाए, मौके पर वसूले 8.20 लाख रुपये!
डिस्कॉम का बड़ा एक्शन:
भियाड़: बिजली के बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं (बकायादारों) के खिलाफ जोधपुर डिस्कॉम ने अपना अभियान तेज कर दिया है।

मंगलवार को भियाड़ कार्यालय की टीम ने पुलिस जाब्ते के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 बिजली कनेक्शन काट दिए और 4 ट्रांसफार्मर उतार लिए।
विभाग की इस सख्ती और कनेक्शन कटने के डर से कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 8.20 लाख रुपये की बकाया राशि जमा करवा दी।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाईभियाड़ के सहायक अभियंता (AEN) प्रदीप सिंह ने बताया कि जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक और अधीक्षण अभियंता (बाड़मेर) के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व वसूली और कनेक्शन काटने का यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार को विद्युत चोरी निरोधक थाने की पुलिस टीम के साथ मिलकर उन्होंने और कनिष्ठ अभियंता (JEN) आलोक कुमार की टीम ने क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई का मुख्य विवरण: ट्रांसफार्मर हटाए: भारी बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के 4 ट्रांसफार्मर मौके से हटाए गए।कृषि कनेक्शन काटे: बिल जमा नहीं करने वाले 10 कृषि उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
मीटर और सर्विस लाइन हटाई: 10 ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जिनके कनेक्शन पहले से कटे हुए थे लेकिन फिर भी वे बकाया राशि जमा नहीं कर रहे थे, उनके मीटर और सर्विस लाइन पूरी तरह से हटा दी गई।
मार्च तक जारी रहेगा अभियान

विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बकायादारों में हड़कंप मच गया, जिसके चलते मंगलवार को एक ही दिन में 8.20 लाख रुपये के राजस्व की वसूली की गई।
सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों के खिलाफ यह अभियान मार्च महीने तक लगातार जारी रहेगा।
उपभोक्ताओं से अपीलडिस्कॉम प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बकाया राशि तुरंत जमा कराएं, ताकि कनेक्शन कटने जैसी किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
