बिजौलिया में पकड़ी गई एमडी ड्रग फैक्ट्री पर चला प्रशासन का बुलडोजर अवैध निर्माण ध्वस्त
20 जून शनिवार 2026 जयपुर/भीलवाड़ा:– राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस द्वारा पकड़ी गई अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
बिजौलिया थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के जंगल के पास संचालित हो रही ड्रग फैक्ट्री के अवैध निर्माण को शनिवार को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 177 के तहत की गई है।
बिजौलिया तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि गिरदावर और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाया जाएगा।
गौरतलब है कि भीलवाड़ा पुलिस ने कुछ दिन पहले इस अवैध ड्रग फैक्ट्री का खुलासा किया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 36 किलो एमडी पाउडर, 155 लीटर केमिकल, 30 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल) और 8.5 किलो कास्टिक सोडा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि ड्रग फैक्ट्री जिस जमीन पर संचालित हो रही थी, वह करीब 15 बीघा भूमि है, जो गुढ़ा निवासी एक परिवार के नौ खातेदारों के नाम दर्ज है।
इनमें चार खातेदार नाबालिग बताए गए हैं।राजस्व जांच के अनुसार, जमीन मालिकों को अवैध गतिविधि और निर्माण की जानकारी नहीं थी।
जांच में पता चला कि भंवर बंजारा नामक व्यक्ति ने जमीन पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर रखा था और इसी जगह को ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले आरोपियों को करीब सात हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर दिया गया था।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहने की संभावना है।






