
जयपुर: राजधानी जयपुर में विद्याधर नगर थाना पुलिस ने शाकिर देशवाली हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया| दोनों पुलिस से बचने के लिए पापड़वाले हनुमानजी मंदिर के पीछे घने जंगल में छिपे हुए थे| पुलिस ने जंगल को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया| पुलिस से बचने के किए आरोपी भागने लगे| इस दौरान खाई में गिरने से घायल हो गए. दोनों को कांवटिया अस्पताल ले जाकर उपचार करवाया| पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया| जयपुर (उत्तर) डीसीपी करण शर्मा ने बताया, शाकिर देशवाली की हत्या के आरोप में फरार चल रहे रफीक शाह उर्फ बकरी चोर और मोहम्मद हारून उर्फ भूरिया को गिरफ्तार किया है| पुलिस ने आरोपियों की मौका परेड करवाई. इस दौरान आरोपी लंगड़ाकर चलते नजर आए|
समझौते के बहाने बुलाया,चाकू मारकर हत्या:
उन्होंने बताया कि कय्यूम ने अपने भाई शाकिर की हत्या का मामला विद्याधर नगर थाने में दर्ज करवाया था| उसने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका कुछ दिन पहले रफीक उर्फ बकरी चोर के साथ शास्त्री नगर में पानी की टंकी के पास कहासुनी और विवाद हुआ था| जिस मामले में समझौता करने के लिए 24 अगस्त को कय्यूम को विद्याधर नगर में मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था| रफीक के साले ने गाली-गलौज की और झगड़ा बढ़ गया| झगड़ा बढ़ने लगा तो कय्यूम ने अपने भाई शाकिर को मौके पर बुलाया| शाकिर के पहुंचते ही रफीक उर्फ बकरी चोर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया| वहीं, हारून ने कय्यूम को भी चाकू मारकर घायल कर दिया| वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए| शाकिर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई| इस घटना को लेकर पुलिस ने तीन सह आरोपियों को 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था| जबकि दो मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे|
पहले ही गिरफ्तार हो चुके तीन आरोपी:
उन्होंने बताया, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए|25 अगस्त को मोहम्मद फरीद उर्फ फदु चाचा, शाहरुख और दिलशाद उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार कर लिया था| जांच में सामने आया कि रफीक और हारून की वारदात में अहम भूमिका थी|इसके बाद दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई|
रात में जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन:
पुलिस टीम को आरोपियों के पापड़वाले हनुमानजी मंदिर के आसपास होने की सूचना मिली| पुलिस ने रात के समय मंदिर के पीछे जंगल के इलाके को घेर लिया| पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे| इसी दौरान वे गहरी खाई में गिर गए और पैरों में चोट लगने से घायल हो गए| पुलिस ने दोनों को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की|
लेन-देन को लेकर चल रहा था पुराना विवाद:
पुलिस की जांच में सामने आया कि रफीक उर्फ बकरी चोर और कय्यूम के बीच रुपए के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था| इसके चलते 24 अगस्त को हत्या की वारदात से तीन-चार दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी| इसी रंजिश को लेकर हत्या की साजिश रची गई| कय्यूम को समझौते के बहाने वहां बुलाया| कय्यूम ने अपने भाई शाकिर को भी मौके पर बुलाया. इस दौरान आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया| चाकू के हमले से शाकिर की मौत हो गई|
आरोपियों पर पहले से कई मामले:
उन्होंने बताया कि रफीक शाह उर्फ बकरी चोर के खिलाफ जयपुर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं| इनमें मारपीट, लूट, हत्या सहित अन्य संगीन अपराध के मुकदमे भी शामिल हैं| एक मामले में धारा 302 समेत अन्य गंभीर धाराओं में चालान भी पेश हो चुका है| पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका तथा वारदात में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है|
रिपोर्टिंग: हरीश
जयपुर: शाकिर हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी जंगल में काट रहे थे फरारी, पुलिस ने घेरकर दबोचा, खाई में गिरने से हुए चोटिल अगस्त 28, 2026

