हर घर तिरंगा अभियान: बाड़मेर में 9 से 17 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, तिरंगा रोशनी से सजेंगे प्रमुख भवन
बाड़मेर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को लेकर जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान के दौरान आमजन की भागीदारी बढ़ाने के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा।जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करने और सभी गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों से संबंधित फोटो एवं अन्य विवरण तय पोर्टल पर अपलोड करने के लिए भी कहा गया।
कलेक्टर ने सरकारी भवनों और प्रमुख इमारतों को तिरंगा रोशनी से सजाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों पर तिरंगा यात्रा, प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
9 अगस्त से होगी अभियान की शुरुआतजिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को सुबह 8 से 11 बजे तक होगी। इस दौरान जिले के गांवों और ढाणियों में तिरंगा प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी।
10 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर पर नागरिकों और विद्यार्थियों की भागीदारी से ई-बाइक, साइकिल और ट्रैक्टर तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषय पर प्रदर्शनियां और मेले आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान तिरंगे के महत्व को लेकर फोटो और वीडियो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही हस्तशिल्प से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। हाथ से तिरंगा निर्माण जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।प्रशासन की ओर से अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित निगरानी के साथ उनकी जानकारी और फोटो संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।


