डोटासरा बोले, ‘हार के डर से पंचायत चुनाव नहीं करा रही सरकार’, मंत्री मदन दिलावर पर कसा तंज

डोटासरा ने कहा- “सरकार को पंचायत चुनाव में करारी हार का डर है।”

मुख्यमंत्री को दी चुनौती- “दम है तो सांगानेर की बजाय भरतपुर से चुनाव जीतकर दिखाएं।”

मंत्री जोगाराम पटेल और मदन दिलावर के साथ हुई तीखी नोकझोंक।

​जयपुर: राजस्थान विधानसभा (Rajasthan Vidhan Sabha) में गुरुवार को ग्रामीण विकास और पंचायती राज की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान जमकर सियासी गहमागहमी देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लक्ष्मणगढ़ से विधायक गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) ने सत्ता पक्ष पर करारा हमला बोलते हुए सरकार पर पंचायत चुनाव (Rajasthan Panchayat Chunav) से भागने का आरोप लगाया।

पंचायत चुनाव और सीएम पर सीधा निशाना​सदन को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार को भली-भांति पता है कि यदि अभी पंचायत चुनाव हुए, तो उनकी करारी हार होगी, इसीलिए चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी तंज कसते हुए खुली चुनौती दी और कहा, “अगर मुख्यमंत्री में दम है, तो वे अपने गृह क्षेत्र भरतपुर से चुनाव जीतकर बताएं, तब मैं मानूंगा। सीएम चुनकर तो जयपुर के सांगानेर से आए हैं, लेकिन सारा पैसा भरतपुर में खर्च कर रहे हैं; यह नहीं चलेगा।”

​डोटासरा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि:

राज्य सरकार ने प्रदेश को 3000 करोड़ रुपए का चूना लगाया है।​ग्रामीण विकास के ढांचे को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।​हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार चुनाव नहीं करवा रही है।​नई वोटर लिस्ट (SIR) बनने के बावजूद पुरानी वोटर लिस्ट से चुनाव करवाने की मंशा पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।

मंत्री जोगाराम पटेल से नोकझोंक: ‘बीच में बोले, तो चौकड़ी भुला दूंगा

डोटासरा के भाषण के दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने उन्हें टोकते हुए कहा कि “आपको कुछ पता नहीं है, इस तरह की बातें मत किया करो।”​इस पर पलटवार करते हुए डोटासरा ने सख्त लहजे में कहा, “मेरे बीच में बोलोगे, तो चौकड़ी भुला दूंगा।” डोटासरा ने पटेल को उनके ही एक पुराने बयान की याद दिलाते हुए घेरा, जिसमें पटेल ने जोधपुर में कथित तौर पर कहा था कि “एयरपोर्ट पर घुसने नहीं दिया जाता, जो एक लाख रुपए देता है, वही अंदर जाता है।”

मदन दिलावर पर तंज: ‘पंचायत राज मंत्री खुद जमानत पर हैं’

सदन में बहस के दौरान पंचायती राज और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) और डोटासरा के बीच भी तीखी बहस हुई। मंत्री दिलावर ने मिड-डे मील योजना का जिक्र करते हुए कहा कि “चिंता मत करिए, मिड डे मील की जांच चल रही है।”

​इस पर डोटासरा ने पलटवार करते हुए दिलावर को उनके मुकदमों की याद दिलाई। उन्होंने कहा, “आपके खिलाफ जो 14 मुकदमे चल रहे हैं, उनमें से 6 में तो आप खुद जमानत (Bail) पर चल रहे हैं। बाकी मामलों में भी बेल ले लीजिए।” अंत में डोटासरा ने सरकार से मांग की कि इस ‘भले आदमी’ (मदन दिलावर) को पंचायती राज और शिक्षा विभाग से हटाकर प्रदेश को बचाया जाए।