जयपुर। घरेलू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर सामने आई है। 1 अक्टूबर 2026 से LPG रिफिल से जुड़ा नियम बदलने जा रहा है। नए नियम के तहत जिन घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने आधार का बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा नहीं कराया है, उन्हें रेगुलेटेड रेट और सब्सिडी से जुड़े लाभों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उपभोक्ताओं को 30 सितंबर तक आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा कराने का मौका दिया गया है। इसके बाद जिन उपभोक्ताओं का BAA पूरा नहीं होगा, उनके लिए घरेलू LPG रिफिल को रेगुलेटेड रेट पर लेने की सुविधा प्रभावित हो सकती है।
27.43 करोड़ LPG उपभोक्ता करा चुके हैं बायोमेट्रिक
जानकारी के अनुसार देशभर में अब तक करीब 27.43 करोड़ LPG उपभोक्ता आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। वहीं राजस्थान में भी बड़ी संख्या में घरेलू गैस कनेक्शन इस प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं। अनुमान है कि प्रदेश में करीब 30 लाख घरेलू गैस कनेक्शन ऐसे हो सकते हैं, जिन पर इस नियम का असर पड़ सकता है।
हालांकि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही अपना BAA पूरा करा लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे उपभोक्ता सामान्य रूप से LPG रिफिल की बुकिंग कर सकते हैं।
बायोमेट्रिक नहीं कराने पर कनेक्शन हमेशा के लिए बंद नहीं होगा
उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि BAA पूरा नहीं कराने की स्थिति में LPG कनेक्शन हमेशा के लिए बंद नहीं होगा। यदि किसी उपभोक्ता ने तय समय तक बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया, तो बाद में भी BAA पूरा कराया जा सकता है।
BAA प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित उपभोक्ता के लिए रेगुलेटेड रेट पर LPG रिफिल की सुविधा फिर से शुरू हो सकेगी। इसलिए जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक नहीं कराया है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जा रही है।

अगर कोई LPG उपभोक्ता आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहता है, तो उसके लिए LPG लेने का विकल्प पूरी तरह खत्म नहीं होगा। ऐसे उपभोक्ताओं को बाजार भाव पर 5 या 10 किलोग्राम का LPG सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकता है।
हालांकि बाजार भाव पर मिलने वाले इन सिलेंडरों पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। यानी सब्सिडी या रेगुलेटेड रेट का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन महत्वपूर्ण रहेगा।
उपभोक्ताओं को क्या करना चाहिए?
जिन LPG उपभोक्ताओं ने अभी तक आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, उन्हें 30 सितंबर से पहले BAA प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। इससे आगे चलकर रेगुलेटेड रेट पर घरेलू LPG रिफिल लेने में होने वाली संभावित परेशानी से बचा जा सकता है।
वहीं जिन उपभोक्ताओं का BAA पहले से पूरा है, उन्हें किसी तरह की अतिरिक्त प्रक्रिया कराने की आवश्यकता नहीं है। LPG उपभोक्ताओं को अपने गैस कनेक्शन और आधार से जुड़ी जानकारी भी समय रहते जांच लेने की सलाह दी जा रही है।
REPORTING ; MOTI JANGID

