राजस्थान में आज 7 जिलों में बारिश का अलर्ट, झालावाड़ में स्कूल बंद; धौलपुर में 58 MM बारिश
जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब कुछ धीमी होती नजर आ रही है, लेकिन पूर्वी हिस्से के कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार, 7 सितंबर को भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में बारिश की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान भी पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई। धौलपुर के राजाखेड़ा में 58 MM यानी दो इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भरतपुर के डीग में 45 MM, सवाई माधोपुर के बौंली में 15 MM और बारां के कुछ इलाकों में भी बारिश दर्ज हुई।

झालावाड़ में कक्षा 1 से 12वीं तक स्कूल बंद
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए झालावाड़ जिला प्रशासन ने 7 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि स्कूलों के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने विभागीय कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।झालावाड़ में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। जिले में 1 जून से 5 सितंबर तक 740.69 MM बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण मौसम में ठंडक आई है और लोगों को गर्मी तथा उमस से राहत मिली है।
धौलपुर में बारिश से कई इलाकों में पानी
धौलपुर में हाल के दिनों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिला है। राजाखेड़ा में 58 MM बारिश दर्ज होने के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। वहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ।भरतपुर संभाग के डीग में भी 45 MM बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटा के चेचट और चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी में भी अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। 7 सितंबर के बाद पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन 8-9 सितंबर से मानसून की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। इसके बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।ऐसे में फिलहाल पूर्वी राजस्थान के जिन जिलों में बारिश का अलर्ट है, वहां लोगों को मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
REPORTING; MOTI JANGID

