Speed up development in Shiva : विधायक रविंद्र सिंह भाटी
बाड़मेर: शिव विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल ₹5.10 करोड़ के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें शिव विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹4.70 करोड़ तथा बाड़मेर क्षेत्र के लिए ₹40 लाख की मंजूरी शामिल है।

स्वीकृत परियोजनाओं में खेल अधोसंरचना, कृषि मंडियों का विकास, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, किसान प्रशिक्षण केंद्र और स्थानीय बाजारों के निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल किए गए हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
खेल और शिक्षा को मिलेगा नया आधार
गडरारोड पंचायत समिति के खारची गांव में बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण के लिए ₹15 लाख तथा हैंडबॉल कोर्ट के लिए ₹25 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, स्वतंत्रता सेनानी तेजुराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गडरारोड में साइंस पार्क के निर्माण हेतु ₹25 लाख की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा रामसर और गडरारोड में इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए ₹50-50 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
कृषि और व्यापारिक सुविधाओं का होगा विस्तार
किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गडरारोड में जीरा, ग्वार और बाजरा कृषि मंडी के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, शिव मुख्यालय में सब्जी एवं फल मंडी के लिए टीन शेड और ओटा निर्माण हेतु ₹20 लाख मंजूर किए गए हैं। गडरारोड और भियाड़ के मुख्य बाजारों में हाट बाजार निर्माण के लिए क्रमशः ₹30 लाख और ₹25 लाख की स्वीकृति दी गई है।

पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए शिव के मानसरोवर तालाब पर पार्क और लाइटिंग व्यवस्था के निर्माण हेतु ₹20 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, रेडाणा के रण में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए ₹50 लाख की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में सांस्कृतिक मंच, पेवेलियन, पेयजल, शौचालय और टांका जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
किसानों और स्थानीय कला को मिलेगा प्रोत्साहन
दूधोड़ा और ताणूरावजी में कृषक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए ₹30-30 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जहां किसानों को आधुनिक खेती और कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा गेहूं रोड स्थित श्री भारतीय ग्राम्य आलोकायन ट्रस्ट परिसर में शिल्प कला केंद्र निर्माण के लिए ₹40 लाख की मंजूरी दी गई है, जिससे स्थानीय हस्तशिल्प और ग्रामीण कला को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने दी शुभकामनाएं
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिव विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से खेल, कृषि, व्यापार, पर्यटन और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

