
नई दिल्ली: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के हाहाकार के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई हैं। रसुवा इलाके से भोटेकोशी नदी के तेज बहाव में बहकर त्रिशूली नदी तक पहुंचे एक बैंक के लॉकर को तोड़कर पैसे चुराने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही बाढ़ के पानी में बहकर आई एक मृत महिला के कान से सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
आपको बता दें कि रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के तेज पानी में बैंक की एक भारी तिजोरी बह गई थी। बाद में यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे बहकर आ लगा। धादिंग पुलिस को सूचना मिली कि स्थानीय लोग नदी किनारे पड़े इस लॉकर को तोड़कर उसमें रखे पैसे निकाल रहे हैं। सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।
92 लाख से अधिक नेपाली रुपये बरामद:
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 29 लोगों को हिरासत में ले लिया। इनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपये की नकदी बरामद की गई है। धादिंग पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अधिकांश आरोपी गल्छी-4 के मास्टर गांव के निवासी हैं। कुछ आरोपी गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमटार के रहने वाले हैं। इसके अलावा चितवन और पर्सा मूल के कुछ लोग भी शामिल हैं, जो वर्तमान में धादिंग में रह रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद नकदी किस बैंक की है और क्या इस घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।
महिला के शव से सोने के आभूषण चोरी:
आपदा के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक और मामला नारायणी नदी के पास से आया है। बाढ़ में बहकर आए एक शव से दो व्यक्तियों ने सोने की बालियां निकाल लीं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
बाढ़ से नेपाल में अब तक 626 लोगों की मौत:
नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने शनिवार को आंकड़े अपडेट करते हुए बताया कि नेपाल में आई इस भीषण आपदा में अब तक 626 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, लापता लोगों की संख्या में भारी उछाल आया है। शुक्रवार रात तक जहां 1,924 लोग लापता बताए जा रहे थे, वहीं शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 2,426 हो गया है। लापता लोगों में 517 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य बड़े पैमाने पर जारी हैं।
रिपोर्टिंग: हरीश

