बाड़मेर:
बाड़मेर में 20 फीट जमीन के विवाद में हत्या, 7 महीने से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के बाड़मेर जिले में जमीन के विवाद से जुड़े हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 7 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक पुलिस द्वारा 11 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
20 फीट जमीन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार मामला बाड़मेर जिले के गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच करीब 20 फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि एक पक्ष का युवक विवादित प्लॉट से गुजर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हुए। मारपीट के दौरान मोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
19 फरवरी की घटना, 20 फरवरी को दर्ज हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक घटना 19 फरवरी को हुई थी। उस समय युवक बकरियां चराने गया था और विवादित भूखंड के अंदर पहुंच गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने 20 फरवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।
7 महीने से फरार था आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के मामले में आरोपी हाथी सिंह (25) पुत्र उमर सिंह, निवासी तुड़बी, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिराब थाना पुलिस की टीम ने तलाश के बाद आरोपी को डिटेन किया और पूछताछ के पश्चात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


