बाड़मेर कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर हंगामा, पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प
बाड़मेर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर धरना दिया गया, जिससे परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज का गेट खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। कुछ समय तक कॉलेज परिसर के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाने की मांग को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
बाद में महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध शांतिपूर्वक समाप्त किया। एबीवीपी प्रतिनिधियों ने कॉलेज प्राचार्य को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कॉलेज का मुख्य द्वार खोला गया और विद्यार्थियों की आवाजाही सामान्य हो सकी।घटना के दौरान कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर के बाहर तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि समय रहते मामला शांत हो गया। पुलिस की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।

