जयपुर: राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव का इंतजार अब खत्म होने की ओर है।
जयपुर। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में चुनाव प्रक्रिया का पूरा रोडमैप पेश करते हुए बताया कि 17 अगस्त तक नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी, जबकि 23 सितंबर को पंचायत चुनाव का ऐलान होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले निकाय चुनाव होंगे और उसके बाद पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। सरकार के अनुसार, ओबीसी आयोग 5 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट सौंप देगा।

इसके बाद 15 अगस्त तक एससी, एसटी, ओबीसी और महिला आरक्षण के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। आरक्षण की लॉटरी निकलने के बाद राज्य चुनाव आयोग के पास चुनाव कराने के लिए 90 दिनों का समय होगा। ऐसे में संभावना है कि 15 नवंबर तक अलग-अलग चरणों में मतदान कराया जाएगा। करीब लंबे इंतजार के बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की नजरें सरकार और राज्य चुनाव आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं।

