बाड़मेर रिपोर्टर: उम्मेद चारण
किसान के खेत में फूटी क्रूड ऑयल पाइपलाइन, सैकड़ों मीटर तक फैला तेल; खेत को भारी नुकसान
बाड़मेर जिले के बोशिया गांव में रविवार सुबह एक किसान के खेत में अचानक क्रूड ऑयल का रिसाव शुरू हो गया। पाइपलाइन से निकला तेल देखते ही देखते दो खेतों में करीब 500 मीटर के दायरे तक फैल गया, जिससे कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही केर्न वेदांता कंपनी के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एहतियात के तौर पर संबंधित पाइपलाइन की सप्लाई तुरंत बंद कर दी।
जानकारी के अनुसार, भाग्यम वेलपैड-12 से मदर वेलपैड तक बिछी पाइपलाइन में रिसाव हुआ। किसान दौलतराम, प्रेमाराम और फकीराराम के खेतों में सुबह करीब 6 बजे अचानक क्रूड ऑयल निकलने लगा। जांच के दौरान वेलपैड से करीब एक किलोमीटर दूर पाइपलाइन में लीकेज प्वाइंट मिला, जिसे इंजीनियरों ने ठीक कर दिया। फिलहाल रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है।
कंपनी की टीम ने जेसीबी की मदद से खेत में गड्ढा खोदकर फैले हुए क्रूड ऑयल को एक जगह एकत्र किया और बाद में टैंकरों के माध्यम से उसे हटाया। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर नुकसान का जायजा भी लिया। पीड़ित किसान दौलतराम ने बताया कि पाइपलाइन से निकला क्रूड ऑयल खेत में फैलने से उनकी जमीन खराब हो गई है। परिवार के पास करीब 100 बीघा जमीन है, लेकिन प्रभावित खेत की मिट्टी को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान ने उचित मुआवजा और स्थायी समाधान की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बाड़मेर के कवास क्षेत्र में एश्वर्या ऑयल फील्ड के वेलपैड-8 के पास पाइपलाइन से क्रूड ऑयल का रिसाव हुआ था, जो करीब चार बीघा भूमि में फैल गया था। उस समय भी रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित करने में कई दिन लगे थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से किसानों में चिंता बढ़ गई है और पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
बाइट –दीपक कड़वासरा भाजपा नेता






