जयपुर: राजस्थान साइबर फ्रॉड – 500 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जयपुर: राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने देशभर में शेयर बाजार में निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 500 करोड़ रुपये के मेगा साइबर फ्रॉड के मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों के दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद फर्जी कंपनियां बनाकर उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर म्युल बैंक खाते (Mule Bank Accounts) खुलवाए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक जगह से दूसरी जगह भेजने और छिपाने के लिए किया जाता था।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) के अनुसार, मामले की शुरुआत उस समय हुई जब सेंधाराम चौधरी ने स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में 16 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच में इस बड़े साइबर नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों व वित्तीय लेनदेन की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से देशभर में सक्रिय साइबर ठगों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा।
| देश और दुनिया की खबरों के लिए हमारे साथ जड़े रहिए। |
| Thar Tak News |


