राजस्थान के ग्रेड-थर्ड टीचर तत्काल ट्रांसफर की मांग पर अड़े शिक्षा मंत्री बोले- ये संभव नहीं; जयपुर में दूसरे दिन भी धरने पर बैठे
जयपुर। राजस्थान में ग्रेड थर्ड टीचरों के ट्रांसफर का मुद्दा अब बड़े आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। पिछले दो दिन से प्रदेशभर के हजारों ग्रेड थर्ड टीचर जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना देकर सरकार से तत्काल ट्रांसफर नीति लागू करने और ट्रांसफर शुरू करने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के बीच सरकार और टीचर के बीच टकराव भी बढ़ गया है। टीचर तत्काल ट्रांसफर की मांग पर अड़े हैं, वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने फिलहाल इसे संभव नहीं बताया है।
ऐसे में टीचरों ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग उठाते हुए सीएम भजनलाल शर्मा से सीधे हस्तक्षेप करने की अपील की है। धरना स्थल पर जुटे टीचरों का कहना है कि सालों से वह एक ही जगह पर कार्यरत है। इसके बाद भी ट्रांसफर नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि सरकार ने अन्य सभी शिक्षक संवर्गों के तबादले कर दिए, लेकिन केवल ग्रेड थर्ड टीचरों के मामले में लगातार टालमटोल की जा रही है।


