HomeRajasthan"निकाय चुनाव : अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू; रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में...

“निकाय चुनाव : अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू; रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में लिए जाएंगे नामांकन पत्र।”

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया गुरुवार से औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही प्रत्याशियों के लिए नामांकन दाखिल करने का दौर भी शुरू होगा। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के कुल 10,245 वार्डों में पार्षद पदों के लिए इस बार दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के 10 नगर निगमों के 1,920 वार्डों, 47 नगर परिषदों के 2,775 वार्डों तथा 252 नगरपालिकाओं के 5,550 वार्डों में चुनाव संपन्न होंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

नामांकन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक दाखिल किए जा सकेंगे। हालांकि 28 अगस्त और 30 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण इन दोनों दिनों में नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक जमा करा सकेंगे।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 3 सितंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 सितंबर को चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिसके साथ ही चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। दोनों चरणों में मतदान समाप्त होने के बाद 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

निकाय चुनाव को लेकर सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, चुनाव सामग्री की उपलब्धता और कार्मिकों की नियुक्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है, जिसके पालन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को सौंपी गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव संबंधी नियमों का पालन करते हुए समय पर नामांकन दाखिल करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आयोग ने मतदाताओं से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया है।

रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

Swarup Soni
Swarup Sonihttps://www.thartaknews.com
मैं स्वरूप सोनी Thar Tak News का Editor हु। मैं राजस्थान सहित देश-दुनिया की ताजा खबरें, स्थानीय समाचार, राजनीति, सामाजिक मुद्दे और महत्वपूर्ण घटनाओं को पाठकों तक सही और तेज़ जानकारी के साथ पहुंचाने का कार्य करता हु। Thar Tak News का उद्देश्य विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार प्रदान करना है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments