77th District Level Forest Festival organized at Marudhara Biological Park : 1000 से अधिक पौधों का हुआ रोपण
बीकानेर | 3 सितंबर। 3 सितंबर। बिछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित बीकानेर के संकल्प के साथ आयोजित कार्यक्रम में 1000 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी ओम प्रकाश ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) आर.के. खैरवा ने की। उन्होंने कहा कि मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में विकसित किया जा रहा हरित क्षेत्र आने वाले समय में वन्यजीवों के लिए बेहतर प्राकृतिक आवास साबित होगा और जैव विविधता को बढ़ावा देगा।
आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार एवं जिला कलेक्टर निशांत जैन ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक है, जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में राजकीय विद्यालय एवं आईजीएनपी के विद्यार्थियों ने नाटक, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्रा सीमा कुमारी ने अमृता देवी बिश्नोई और 363 शहीदों के बलिदान पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीडीए कमिश्नर स्नेहल धाईगुड़े नाना, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, आईएएस स्वाति शर्मा, आईएएस मनु गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से डीएफओ जी. वेंकटेश, डीएफओ तरुण मेहरा, डीएफओ मदन सिंह चारण सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन किशोर सर ने किया तथा अंत में डीएफओ जी. वेंकटेश ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

