बीकानेर : राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान 27 वर्षीय नीला, पत्नी सैफुमुल्ला के रूप में हुई है। सीआईडी इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने अशोक नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पिछले करीब आठ महीनों से भारत में रह रही थी। इस दौरान वह मजदूरी के सिलसिले में पहले गुजरात पहुंची और बाद में बीकानेर में आकर रहने लगी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया या वैध दस्तावेजों के साथ आई थी।
दस्तावेजों और मोबाइल की जांच
महिला के पास मिले दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामान की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके पास पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज थे या नहीं। पूछताछ में महिला द्वारा बताए गए बांग्लादेश स्थित पते और पारिवारिक जानकारी का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
गुजरात से बीकानेर तक की गतिविधियां खंगाल रही एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां पिछले आठ महीनों के दौरान महिला की गतिविधियों, उसके संपर्क में आए लोगों, कॉल डिटेल और आर्थिक लेनदेन की भी जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बीकानेर में उसे ठहरने की व्यवस्था किसने कराई और क्या उसके तार किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी ने बताया कि महिला फिलहाल पुलिस हिरासत में है। मामला विदेशी नागरिक और सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सीआईडी इंटेलिजेंस समेत अन्य एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया है। संयुक्त जांच टीम महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की हर कड़ी की पड़ताल कर रही है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रिपोर्टिंग – विरेन्द्र

