जयपुर में नकली नोटों के नेटवर्क का खुलासा, 4.30 लाख की जाली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के पास से 500 रुपये के बड़ी संख्या में जाली नोट मिले हैं। बरामद नकली मुद्रा की कुल कीमत करीब 4 लाख 30 हजार 500 रुपये बताई गई है।मामले में बजाज नगर थाना पुलिस और जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल क्राइम टीम ने मिलकर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के साथ उनके कब्जे से दो एसयूवी वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अंशुल, साहिल चौधरी, प्रियांशु और आकाश के रूप में हुई है।
नकली नोट कहां से आए, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस गिरोह के तार राजस्थान से बाहर तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का कथित मुख्य संचालक रोहतक निवासी अमन राणा है, जिसके बांग्लादेश से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जाली नोटों की सप्लाई किस तरह और किन माध्यमों से की जाती थी, इसे लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि बरामद नकली नोटों को राजस्थान में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनाव के दौरान चलाने की योजना थी। हालांकि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नकली मुद्रा कहां-कहां पहुंचाई जानी थी, इसका पता लगाने के लिए जांच अभी जारी है।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच एजेंसियां नकली नोटों की सप्लाई की पूरी कड़ी खंगाल रही हैं। पुलिस का उद्देश्य यह पता लगाना है कि इस नेटवर्क ने राजस्थान में पहले कितनी जाली मुद्रा पहुंचाई और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।

REPORTING ; (MOTI JANGID)

