Raksha Bandhan 2026: 29 अगस्त से ‘भाई-बहन के नाम एक पौधा’ विशेष अभियान की शुरुआत
जयपुर । रक्षाबंधन के पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए राजस्थान वन विभाग 29 अगस्त से 3 सितंबर तक राज्यव्यापी ‘रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम पौधारोपण कार्यक्रम’ आयोजित करेगा। इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे अपने भाई या बहन के नाम एक पौधा लगाकर उसके नियमित संरक्षण का संकल्प लें, ताकि पारिवारिक रिश्तों के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी समाज तक पहुंचे।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉफ) अरिजीत बनर्जी ने बताया कि भाई-बहन के नाम लगाया गया पौधा केवल प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण की अमूल्य धरोहर भी बनेगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेने का भी उपयुक्त अवसर है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश का प्रत्येक परिवार भाई-बहन के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो यह सामूहिक प्रयास राजस्थान को अधिक हराभरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनकी निरंतर देखभाल सुनिश्चित करना भी है।
वन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान लगाए गए पौधों की जानकारी और उनके संरक्षण का संकल्प राज्य सरकार के ‘हरियालो ऐप’ तथा केंद्र सरकार के ‘मेरी लाइफ (Mission LiFE) पोर्टल’ पर अपलोड किया जा सकेगा। अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प पोर्टल पर दर्ज करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा।
वन विभाग ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि इस रक्षाबंधन पर ‘भाई-बहन के नाम एक पेड़’ लगाकर रिश्तों की मिठास को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ें और राजस्थान को हराभरा एवं स्वच्छ बनाने के इस जनअभियान का हिस्सा बनें। यह पहल सामाजिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

