HomeRajasthanशिव का खेल स्टेडियम बदहाल: रनिंग ट्रैक पर झाड़ियां, परिसर में बिखरी...

शिव का खेल स्टेडियम बदहाल: रनिंग ट्रैक पर झाड़ियां, परिसर में बिखरी शराब की बोतलें और कांच

बाड़मेर/शिव। खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों रुपए की लागत से निर्मित शिव उपखंड मुख्यालय का खेल स्टेडियम इन दिनों बदहाली का शिकार है। नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में स्टेडियम परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उग आई हैं। वहीं रनिंग ट्रैक भी घास और कांटेदार झाड़ियों से घिरा हुआ है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शाम के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा – स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय स्टेडियम परिसर में असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा रहता है। परिसर में शराब की बोतलें, प्लास्टिक के गिलास और अन्य कचरा बिखरा पड़ा रहता है। कई जगह कांच के टुकड़े भी दिखाई देते हैं। इससे स्टेडियम के वातावरण पर असर पड़ रहा है और खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

झाड़ियों से घिरा रनिंग ट्रैक – स्टेडियम के रनिंग ट्रैक पर घास और कांटेदार झाड़ियां उगने से खिलाड़ियों के लिए नियमित दौड़ और अभ्यास करना मुश्किल हो गया है। खेल प्रेमियों का कहना है कि समय पर सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं होने के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने प्रशासन से स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई कराने, रनिंग ट्रैक को दुरुस्त करने, झाड़ियों की कटाई करवाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो लाखों रुपए की लागत से तैयार खेल परिसर का उद्देश्य प्रभावित होगा।

राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम भी यहीं होते हैंशिव उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम इसी स्टेडियम में आयोजित होते हैं। राष्ट्रीय पर्व से पहले होने वाला पूर्वाभ्यास भी इसी परिसर में किया जाता है। ऐसे में स्टेडियम में उगी झाड़ियां और जगह-जगह बिखरा कांच विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

अधिकारी बोले- आज ही करवाएंगे सफाई – मामले को लेकर अतिरिक्त विकास अधिकारी शिव उम्मेदाराम कुमावत ने कहा कि ग्राम पंचायत को आज ही अवगत करवाया जाएगा। स्टेडियम में झाड़ी कटिंग के साथ सफाई करवाई जाएगी, ताकि राष्ट्रीय पर्व का उपखंड स्तरीय कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जा सके।नियमित रखरखाव की मांगछात्र नेता पुखराज सिंह बलाई ने कहा कि लाखों रुपए की लागत से निर्मित स्टेडियम रखरखाव के अभाव में खिलाड़ियों की तैयारी के लिए उपयोगी नहीं रह गया है। परिसर में बबूल की झाड़ियां और कांच बिखरा रहता है। उन्होंने स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई के लिए वीबी जीरामजी योजना के तहत श्रमिक लगाने और खेल परिसर को बेहतर बनाने की मांग की।

Swarup Soni
Swarup Sonihttps://www.thartaknews.com
मैं स्वरूप सोनी Thar Tak News का Editor हु। मैं राजस्थान सहित देश-दुनिया की ताजा खबरें, स्थानीय समाचार, राजनीति, सामाजिक मुद्दे और महत्वपूर्ण घटनाओं को पाठकों तक सही और तेज़ जानकारी के साथ पहुंचाने का कार्य करता हु। Thar Tak News का उद्देश्य विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार प्रदान करना है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments