बाड़मेर में अवैध खनन पर जिला कलेक्टर का बड़ा एक्शन, खुद मौके पर पहुंचकर 2 जेसीबी व पत्थरों से भरे वाहन जब्त
रिपोर्टर उम्मेद चारण
चौहटन/बाड़मेर। बाड़मेर जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अवैध खनन की शिकायत मिलने पर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल स्वयं चौहटन क्षेत्र के मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध खनन होता मिला, जिस पर जिला कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों और पत्थरों से भरे दो वाहनों को जब्त करवाया। इसके बाद चौहटन पुलिस और खनन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिला कलेक्टर के स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार सख्ती बरती गई तो अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
प्रशासन ने भी साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

