एक ही रात में दो ATM पर हमला, नीमराणा से पूरा ATM उखाड़ ले गए बदमाश, बहरोड़ में सायरन ने बचाई लाखों की नकदी
बहरोड़-नीमराणा में ATM चोरों का आतंक: एक जगह पूरा ATM उखाड़ ले गए, दूसरी जगह सायरन बजने से नाकाम हुई वारदात
जयपुर/बहरोड़: जिले में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। शनिवार देर रात और रविवार तड़के कुछ ही घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर ATM को निशाना बनाकर अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी। नीमराणा क्षेत्र में चोर ATM मशीन ही उखाड़कर फरार हो गए, जबकि बहरोड़ में सुरक्षा अलार्म सक्रिय होने से एक बड़ी वारदात टल गई। प्रतापसिंहपुरा में ATM मशीन लेकर फरार हुए बदमाश – पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 3 बजे कुछ अज्ञात बदमाश वाहन में सवार होकर नीमराणा थाना क्षेत्र के प्रतापसिंहपुरा गांव पहुंचे। आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर कुछ ही मिनटों में ATM मशीन को उखाड़कर वाहन में लाद लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने जब ATM को गायब पाया तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बहरोड़ में सायरन बजा तो भाग खड़े हुए चोरइसी रात बहरोड़ कस्बे में स्थित एक्सिस बैंक के ATM पर भी चोरी की कोशिश की गई। बदमाश ATM केबिन में घुस गए और मशीन को काटने या तोड़ने का प्रयास करने लगे। हालांकि मशीन से छेड़छाड़ होते ही सुरक्षा अलार्म और सायरन सक्रिय हो गया।
अचानक तेज आवाज में सायरन बजने से बदमाश घबरा गए और पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गए। समय रहते सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने से ATM में मौजूद लाखों रुपये सुरक्षित बच गए। CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेजदोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। नीमराणा और बहरोड़ पुलिस ने घटनास्थलों से CCTV फुटेज जुटाई है और आरोपियों के हुलिए तथा वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एडिश्नल एसपी सुरेश खींची के निर्देश पर पूरे जिले में विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
ATM में कितनी थी नकदी, जांच जारी – प्रतापसिंहपुरा से चोरी हुए ATM में कितनी राशि मौजूद थी, इसका आकलन बैंक प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। लगातार बढ़ रही ATM चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


