बाड़मेर रिपोर्टर: उम्मेद चारण
पाकिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क के आरोप में बाड़मेर का युवक गिरफ्तार, ATS के इनपुट पर पुलिस की कार्रवाई
राजस्थान एटीएस के इनपुट पर बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संपर्क रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाड़मेर जिले के रामसर क्षेत्र के गागरिया गांव निवासी बशीर खान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रामसर थाने में मामला दर्ज कर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी चुनाराम जाट के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क होने के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर एटीएस के इनपुट के बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का संपर्क किस माध्यम से हुआ, वह किन गतिविधियों में शामिल था और उसके अन्य लोगों से भी संबंध हैं या नहीं। जांच एजेंसियों के अनुसार लंबे समय से सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी से जुड़े अकाउंट और उन्हें फॉलो करने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही थी। इसी अभियान के तहत प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें बाड़मेर का यह युवक भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले गुजरात में काम करता था और कुछ महीनों पहले अपने गांव लौट आया था। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और आरोपी की भूमिका को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की जांच चल रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
| देश और दुनिया की खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहिए। |
| Thar Tak News |


