बाड़मेर में सीमा क्षेत्र में चला प्रशासन का बुलडोजर
बाड़मेर में सीमा क्षेत्र में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई; दो मस्जिदें भी ध्वस्त
राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की है।
सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गडरा रोड और सेड़वा क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई की गई।
प्रशासन की टीम ने सरकारी ओरण और गोचर भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाया। इस कार्रवाई के दौरान दो मस्जिदों समेत कई अन्य अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया।
सीमा क्षेत्र में 50 किलोमीटर के दायरे में सर्वे – प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद सीमा क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमणों का सर्वे कराया गया था।
भारत-पाक सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे।
नोटिस अवधि पूरी होने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
गडरा रोड और सेड़वा इलाके में हुई कार्रवाई – अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बाड़मेर के गडरा रोड क्षेत्र के मलाना गांव और सेड़वा उपखंड के भलीसर गांव में कार्रवाई की गई।
मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जरूरत को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त पुलिस जवान और अधिकारी बुलाए गए थे।
धार्मिक स्थलों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी – प्रशासन का कहना है कि हटाए गए सभी निर्माण सरकारी भूमि पर किए गए थे और कार्रवाई से पहले कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस दिए गए थे।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि हटाए गए धार्मिक स्थल काफी पुराने थे और स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़े हुए थे। कार्रवाई के बाद कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी भी जताई।
आगे भी जारी रह सकता है अभियान – सीमा क्षेत्र में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करना और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार चिन्हित स्थानों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रह सकती है।




