बाड़मेर में नीट परीक्षा में 3475 परीक्षार्थी शामिल होंगे
रेलवे परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेन चलाएगा l
-सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी कार्यवाही।
बाड़मेर,19 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर 21 जून को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर आठ परीक्षा केंद्रों पर नीट प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन होगा।
इसमें 3475 परीक्षार्थी शामिल होंगे l अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि एनटीए के निर्देशानुसार नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने बताया कि बाड़मेर जिला मुख्यालय पर 21 जून को दोपहर 2 से सांय 5.15 बजे तक नीट प्रवेश परीक्षा- 2026 आयोजित होगी।
नीट परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि नीट परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग, नकल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग, प्रश्न पत्र से संबंधित गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान अथवा परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती के अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2022 एवं संशोधन अधिनियम, 2023 के संख्यांक (17) के प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित परीक्षा केंद्रों पर जोर लगाने के साथ 300 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट, ई-मित्र एवं साइबर कैफे बंद रखने के निर्देश दिए गए है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व एवं पश्चात दो स्तर की फ्रिस्किंग से गुजरना होगा।
अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने एवं परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने की अपील की गई है l जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों एवं आमजन से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।
इधर, री-नीट परीक्षा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन करेगा l
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाडी संख्या 04843, बाड़मेर-भगत की कोठी परीक्षा स्पेशल रेल सेवा 21 जून को बाड़मेर से 05.30 बजे रवाना होकर 09.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04844, भगत की कोठी- बाड़मेर परीक्षा स्पेशल रेल सेवा 21 जून को भगत की कोठी से 19.20 बजे रवाना होकर 23.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।
यह रेल सेवा मार्ग में बायतू, बालोतरा, समदडी एवं लूनी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस रेलसेवा में 01 फर्स्ट एसी, 02 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 06 शयनयान, 05 साधारण श्रेणी, 01 गार्ड एवं 01 पॉवरकार डिब्बो सहित कुल 22 डिब्बे होंगे l
उनके मुताबिक इस रेलसेवा में सभी वातानुकुलित श्रेणी के डिब्बे लॉक कंडिशन में रहेगे। जबकि बाकी सभी डिब्बे अनारक्षित होगे





