#बाड़मेर उम्मेद चारण
बाड़मेर जिले के रीको थाना क्षेत्र के जसदेर तालाब आगोर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद गहरा गया। प्रशासन की टीम ने आगोर भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए जेसीबी से सफाई कार्य करवाया।
इस दौरान पुलिस जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा। घटना के बाद एक पक्ष के प्रतिनिधि खेराज प्रजापत ने आरोप लगाया कि कार्रवाई पूरी होने के बाद कुछ महिलाओं ने उनके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और पथराव किया, जिससे उनकी कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
मामले का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, रीको थाना पुलिस का कहना है कि घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खेराज प्रजापत ने एक स्थानीय वकील पर लोगों को भड़काने और विवाद को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी और बेशकीमती जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिलती रही हैं।
घटना के बाद समर्थकों ने रीको थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की और प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी पक्षों को समझाइश देते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाने और कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल पूरे मामले में दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, जबकि पुलिस रिपोर्ट मिलने के बाद जांच की बात कह रही है।






